रुदायन:-नगर में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा में भगवान शिव के शिवलिंग, मां काली, मां दुर्गा, मां चामुंडा तथा शिव परिवार की आकर्षक प्रतिमाओं का नगर भ्रमण कराया गया। बैंड-बाजों, डीजे और धार्मिक जयघोषों के साथ निकली शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली यात्रा का विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। पूरे नगर का वातावरण भक्तिमय बना रहा। शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण अघोरी बाबा के तांडव की मनमोहक झांकी रही। भगवान शिव के रौद्र स्वरूप को दर्शाती इस झांकी ने श्रद्धालुओं का विशेष ध्यान आकर्षित किया। डीजे की धुनों पर प्रस्तुत तांडव की झांकी को देखने के लिए मार्ग के दोनों ओर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और श्रद्धालुओं ने इसकी सराहना की। आयोजकों ने बताया कि मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक अनुष्ठानों के साथ संपन्न कराया जाएगा। शोभायात्रा के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए थे।कार्यक्रम का आयोजन नगर के रस्तोगी परिवार के सौजन्य से किया गया।





