दातागंज।जमालपुर हादसे में मृत बच्चों के परिजनों को मिली राहत, विधायक व एसडीएम ने 4-4 लाख रुपये सहायता राशि के प्रमाणपत्र दिए हैं।
थाना हजरतपुर क्षेत्र के ग्राम जमालपुर में हुए दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले दो बच्चों के परिजनों को शासन की ओर से स्वीकृत आर्थिक सहायता प्रदान की गई। सरकार द्वारा स्वीकृत 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि के प्रमाणपत्र दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह ‘बब्बू भैया’ एवं उपजिलाधिकारी (एसडीएम) दातागंज ने परिजनों को सौंपे।
इस दौरान विधायक ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दुःख की इस घड़ी में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों ने भी परिजनों को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
गौरतलब है कि जमालपुर गांव में हुए हादसे में दो बच्चों की मौत हो गई थी, जिसके बाद शासन स्तर से आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई थी। प्रमाणपत्र वितरण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।




