उघेती थाना क्षेत्र के ग्राम छिबऊकलां स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में चोरों के हौसले बुलंद हैं। बदमाशों ने एक बार फिर स्कूल के रसोईघर का ताला चटकाकर बच्चों के निवाले पर डाका डाल दिया। चोर रसोई से मध्यान्ह भोजन (मिड-डे मील) बनाने वाला बड़ा भगोना और करीब 4 कुंतल खाद्यान्न (राशन) समेट ले गए। खास बात यह है कि इस स्कूल परिसर में चोरी की यह तीसरी वारदात है, जिससे पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को स्कूल बंद होने के बाद मंगलवार सुबह करीब 7:15 बजे जब प्रधानाध्यापक गौरव वार्ष्णेय विद्यालय पहुंचे, तो रसोईघर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर राशन और बड़ा भगोना गायब था। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना ग्राम प्रधान और पुलिस को दी।पुलिस की सुस्ती से बढ़े चोरों के हौसले स्कूल स्टाफ और ग्रामीणों में इस बात को लेकर गहरा आक्रोश है कि पुलिस पुरानी चोरियों पर हाथ पर हाथ धरे बैठी रही, जिससे चोरों का दुस्साहस बढ़ता गया। विद्यालय प्रशासन के मुताबिक, इसी साल 6 मार्च को स्कूल में पहली चोरी हुई थी, जिसकी लिखित तहरीर थाने में दी गई थी। इसके बाद मई महीने में चोरों ने दोबारा हाथ साफ किया, जिसकी सूचना हल्का दरोगा को फोन पर दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। नतीजा यह रहा कि चोरों ने अब तीसरी बड़ी वारदात को अंजाम दे डाला।मामले में ग्राम प्रधान और प्रधानाध्यापक ने उघैती थाना अध्यक्ष को संयुक्त प्रार्थना पत्र सौंपकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। उनका कहना है कि बार-बार हो रही चोरियों के कारण विद्यालय की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और बच्चों के मिड-डे मील वितरण में बाधा आ रही है। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द चोरों को दबोचने और स्कूल में सुरक्षित व भयमुक्त माहौल बनाने की गुहार लगाई है।





