भारी बारिश का कहर: मकान की छत गिरने से महिला की मौत, चार बच्चों के सिर से उठा मां का साया

उघैती (बदायूं), संवाददाता। लगातार दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने उघैती थाना क्षेत्र के गांव रघुनाथपुर पीपरी में एक परिवार की खुशियां छीन लीं। गुरुवार देर रात एक कच्चे/पुराने मकान की छत भरभराकर गिर गई, जिसके मलबे में दबने से कमरे में सो रही महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार गांव रघुनाथपुर पीपरी निवासी गुड्डो देवी (37 वर्ष) पत्नी महिपाल सिंह गुरुवार रात अपने कमरे में सो रही थीं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य बरामदे में सो रहे थे। रात करीब एक बजे अचानक कमरे की छत में लगे लोहे के गाटर और सीमेंट की पटिया टूट गईं, जिससे पूरी छत भरभराकर महिला के ऊपर आ गिरी।
तेज धमाके की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर दौड़े। सभी ने मिलकर मलबा हटाया और गंभीर रूप से घायल गुड्डो देवी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही उघैती पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं क्षेत्रीय लेखपाल रामपाल शाक्य ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मकान को हुए नुकसान का आकलन किया।
बताया जा रहा है कि लगातार हो रही भारी बारिश के कारण मकान की छत कमजोर हो गई थी, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। गुड्डो देवी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके चार बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को प्रशासन की ओर से आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get free tips and resources right in your inbox, along with 10,000+ others

Latest Post

औरछी/फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव औरछी में शराब के ठेके को हटवाने की मांग को लेकर महिलाओं का आक्रोश दूसरे दिन भी जारी रहा। रविवार को दर्जनों महिलाओं ने फिर से शराब के ठेके पर पहुंचकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया और ठेका बंद करा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारी महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन महिलाएं अपनी मांग पर अड़ी रहीं। वे ठेके के सामने बैठकर प्रदर्शन करती रहीं और गांव के चौराहे से शराब का ठेका हटवाने की मांग करती रहीं।