बदायूं। मीरा सराय शेखूपुर रोड स्थित आसिम सिद्दीकी मेमोरियल पीजी डिग्री कॉलेज में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि और महाविद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य सालिम फरशोरी ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद उपस्थित जनसमूह ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी और सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया।इस गौरवशाली अवसर पर आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज हम जिस आज़ाद हवा में सांस ले रहे हैं। वह अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों के सर्वोच्च बलिदान और लंबे संघर्ष का परिणाम है। महाविद्यालय के प्राचार्य नजीबुल हसन खान ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्हें देशभक्ति, आपसी एकता और राष्ट्र निर्माण में अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने की प्रेरणा दी।कार्यक्रम में प्रबंध समिति के सदस्य सलमान अहमद, रोमान हाशमी सहित महाविद्यालय के सभी प्रोफेसर, प्रवक्ता और शिक्षणेत्तर कर्मचारी मुख्य रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम के सफल समापन पर सभी छात्र-छात्राओं और स्टाफ में मिष्ठान वितरण किया गया।
















