नगर पंचायत उसावां में भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त क्षेत्रीय मंत्री महेश राठौर के प्रथम आगमन पर शुक्रवार को कार्यकर्ताओं और नगर की जनता ने उनका जोरदार स्वागत किया। महेश राठौर को हाल ही में भाजपा की मेन बॉडी में ब्रज क्षेत्र का क्षेत्रीय मंत्री नियुक्त किया गया है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उनके प्रथम आगमन को लेकर समर्थकों और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।बताया गया कि महेश राठौर करीब 9:30 बजे नगर पंचायत उसावां पहुंचे, जहां पहले से मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने फूल-मालाओं, घोड़े और जोरदार नारों के साथ उनका स्वागत किया। इसके बाद उनका रोड शो निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। रोड शो नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए उनके आवास तक पहुंचा। इस दौरान जगह-जगह लोगों ने उनका स्वागत किया।घर पहुंचने के बाद महेश राठौर ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार जताते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने उनके जैसे सामान्य कार्यकर्ता को इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी है, यह उनके लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि वह पार्टी द्वारा दी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे तथा संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि वह हमेशा पार्टी के एक छोटे कार्यकर्ता के रूप में काम करते आए हैं और आगे भी पार्टी के प्रति पूरी निष्ठा से समर्पित रहेंगे।स्वागत कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष आशीष शाक्य, नगर पंचायत अध्यक्ष पति अनिल सिंह चौहान, पूर्व मंडल अध्यक्ष ओम प्रताप सिंह, मंडल अध्यक्ष राहुल कुमार लोधी, मंडल महामंत्री सहदेव सागर सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। रोड शो के दौरान पुलिस प्रशासन भी मुस्तैदी के साथ तैनात रहा और सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
















