राजीव सक्सेना की खास रिपोर्ट
उघैती (बदायूं): थाना उघैती क्षेत्र के कस्बा उघैती में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की जान चली गई। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मच गई है।
घटना आढ़त के पास की है। ग्राम बरवारा निवासी जितेन्द्र (30) पुत्र कर्मसिंह नशे की हालत में घूम रहा था। इसी दौरान वह तेज रफ्तार ट्रक (संख्या: यूपी 38 टी 4286) की चपेट में आ गया। ट्रक की भीषण टक्कर से जितेन्द्र गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
हादसे के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही उघैती पुलिस मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में जितेन्द्र को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) रुदायन भिजवाया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
















