पांच बच्चों के सिर से उठा पिता का साया; चंदौसी अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
बिसौली। फैजगंज कस्बे के वार्ड नंबर 9 में सोमवार रात घर की लाइट ठीक करते समय करंट की चपेट में आने से 32 वर्षीय प्रवासी मजदूर जीशान सलमानी की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन उसे गंभीर हालत में चंदौसी के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पोस्टमार्टम और कानूनी कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया।
जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 9 निवासी जीशान सलमानी पुत्र श्याम तुल्ली सोमवार रात करीब 10 बजे घर में बिजली की लाइट ठीक कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन तत्काल उसे चंदौसी के अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
छत्तीसगढ़ में करता था मजदूरी
जीशान छत्तीसगढ़ में रहकर मजदूरी करता था और इसी से अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों के अनुसार परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है और उनके पास कृषि भूमि भी नहीं है। जीशान सात भाइयों में तीसरे नंबर का था और परिवार की जिम्मेदारी संभालने में सहयोग करता था।
करीब 15 वर्ष पहले जीशान का निकाह समीना (30) से हुआ था। उसके पांच बच्चे हैं। बेटा फैजान (12), बेटियां सिप्पो (9) और सिपा (6), बेटा अयान (4) और 10 माह का सुफियान हैं। जीशान की मौत के बाद पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
शव घर ले गए परिजन
परिजनों ने पुलिस कार्रवाई और पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद शव को अस्पताल से घर ले आए। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। वहीं मोहल्ले में भी शोक का माहौल है।
















