बदायूं। ब्लॉक म्याऊं और सालारपुर की गौशालाओं में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई गोवंशों की दर्दनाक मौत के बाद शासन और जिला प्रशासन ने बेहद सख्त रुख अपना लिया है। जिला प्रशासन की जांच रिपोर्ट में भारी लापरवाही और शिथिलता पाए जाने के बाद मुख्य पशु चिकित्साधिकारी समेत कई जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ बड़ी दंडात्मक कार्रवाई की गई है। वहीं, गौशालाओं का संचालन करने वाले दो स्वयंसेवी संगठनों को तत्काल प्रभाव से ब्लैकलिस्ट करते हुए उनके संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी और उपचिकित्साधिकारी निशाने पर
जांच रिपोर्ट के आधार पर डीएम अवनीश कुमार राय ने तत्कालीन मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ प्रेमकुमार कोहली के खिलाफ गंभीर विभागीय कार्रवाई के लिए अपर मुख्य सचिव पशुपालन विभाग को संस्तुति पत्र भेजा है। इसके अलावा, घटना के दिन प्रभारी मुख्य पशु चिकित्साधिकारी का कार्यभार संभाल रहे उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ अब्दुल रहीम को कर्तव्य पालन में घोर लापरवाही बरतने के लिए विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है।
दो पशु चिकित्साधिकारी और ग्राम सचिव निलंबित
गौशालाओं की जमीनी स्तर पर निगरानी करने में पूरी तरह नाकाम रहे म्याऊं और सालारपुर ब्लॉक के संबंधित पशु चिकित्साधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की संस्तुति की गई है। इसके साथ ही, दोनों संबंधित ग्राम पंचायतों के सचिवों को भी निलंबित कर दिया गया है। मामले में ढिलाई बरतने पर दोनों ब्लॉक के खंड विकास अधिकारियों को भी कड़ी चेतावनी के साथ विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की गई है।
एनजीओ पर एफआईआर, दो आरोपी भेजे गए जेल
प्रशासनिक जांच में सामने आया कि म्याऊं के अभिगांव और सालारपुर के ब्यौर स्थित गौशालाओं का संचालन करने वाले एनजीओ पूरी तरह से लापरवाह थे। जिलाधिकारी अवनीश कुमार राय के निर्देश पर दोनों संस्थाओं—’शारदा सेवा समिति’ और ‘जनकल्याण एवं विकास समिति’ को हमेशा के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है। सरकारी धन के दुरुपयोग और गोवंशों के उत्पीड़न के आरोप में इनके खिलाफ संबंधित थानों में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभिगांव गौशाला मामले से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
ट्रैक्टर-ट्रॉली से हटाए गए मृत गोवंश, निगरानी पर उठे सवाल
गौशाला परिसर से मृत गोवंशों को जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की मदद से हटाकर ससम्मान दफनाने की व्यवस्था की गई। इस घटना ने जिले भर की गौशालाओं की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विपक्ष और स्थानीय संगठनों ने भी इस मुद्दे पर प्रशासन को घेरा है।
जिलाधिकारी का सख्त आदेश: सभी गौशालाओं में लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
बड़ी कार्रवाई के बाद जिलाधिकारी ने जनपद की अन्य सभी गौशालाओं की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने के कड़े निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने आदेश दिया जिन गौशालाओं में अभी तक सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं, वहां तुरंत कैमरे लगाकर 24 घंटे लगातार निगरानी सुनिश्चित की जाए। गोवंशों के रखरखाव, सुरक्षा, चारे और पानी की व्यवस्था शासन द्वारा निर्धारित कड़े मानकों के अनुरूप ही होनी चाहिए। पशुपालन और विकास विभाग के अधिकारी रोजाना और साप्ताहिक स्तर पर गौशालाओं का औचक निरीक्षण और नियमित समीक्षा करेंगे।
















