भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर गुप्ता ने फीता काटकर किया शुभारंभ
इस्लामनगर /रूदायन:-नगर पंचायत रुदायन कार्यालय परिसर में पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार कला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बाहर से आए कलाकारों ने नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। कलाकारों ने नाट्य प्रस्तुतियों के जरिए लोगों को योजनाओं के लाभ और उनके उद्देश्य के बारे में जागरूक किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर गुप्ता ने फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केवल सबका साथ, सबका विकास की बात ही नहीं करती, बल्कि उसकी योजनाएं समाज के हर वर्ग और हर उम्र के लोगों को ध्यान में रखकर बनाई गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य लोगों तक लाभ पहुंचाना है। उन्होंने सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय की भावना का भी उल्लेख किया।
कला प्रदर्शनी के दौरान करीब एक दर्जन कलाकारों ने नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं को सरल और रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया। इन प्रस्तुतियों के जरिए लोगों को योजनाओं के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर भाजपा नेता ठाकुर अनूप सिंह, मदनलाल गुप्ता, संजीव गुप्ता, डॉ. अजीत मोहन गुप्ता, नरेंद्र गुप्ता, भीकम सिंह, श्रीपाल, विद्या रतन चौधरी, सभासद ओमवती, राम सिंह, मुनेेंद्र, अमजद अली, नौबतराम सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
















