स्कूल सेफ्टी ऑडिट में विशेषज्ञों ने परखी सुरक्षा व्यवस्था, बच्चों को आपदा से बचाव के गुर सिखाए

खेड़ा दास व दावरी के कंपोजिट विद्यालयों का टीम ने किया निरीक्षण, खंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय कार्यालय का किया उद्घाटन

बिसौली। स्कूलों में बच्चों और शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे स्कूल सेफ्टी ऑडिट के तहत गुरुवार को आसफपुर विकास क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय खेड़ा दास और दावरी का तकनीकी विशेषज्ञों की टीम ने निरीक्षण किया। शासन के निर्देशों और सुप्रीम कोर्ट के आदेश के क्रम में कराए जा रहे इस ऑडिट में विद्यालय भवन की मजबूती, अग्निशमन व्यवस्था, विद्युत वायरिंग, आपातकालीन निकास और आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखा गया।

निरीक्षण टीम में आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ आकाश बाबू और नीलम सागर, फायर सेफ्टी विशेषज्ञ राजेश कुमार सक्सेना तथा स्ट्रक्चरल इंजीनियर आयुष कुमार सिंह और विवेक गुर्जर शामिल रहे। टीम ने विद्यालयों के कक्षों की भौतिक स्थिति, भवन की संरचनात्मक मजबूती और विद्युत व्यवस्था से जुड़े संभावित जोखिम वाले स्थानों का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही आपात स्थिति में बच्चों और स्कूल स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकालने की व्यवस्था का भी जायजा लिया।

बच्चों को मॉक ड्रिल के जरिए किया जागरूक

निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों को आपदा की स्थिति में बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। मॉक ड्रिल के माध्यम से बच्चों को आपात स्थिति में सतर्क रहने और सुरक्षित स्थान तक पहुंचने के तरीके समझाए गए। स्कूलों में सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की उपयोगिता परखने के साथ आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता पर भी जोर दिया गया।

कार्यालय का उद्घाटन, शिक्षकों से लगन के साथ काम करने की अपील

कार्यक्रम के दौरान जिला एमआईएस/आईटी विशेषज्ञ ईसार अली और डीपीएम अमर सिंह ने भी औचक निरीक्षण किया। वहीं, खंड शिक्षा अधिकारी राजेंद्र सिंह ने कंपोजिट विद्यालय खेड़ा दास में विद्यालय कार्यालय का उद्घाटन किया। उन्होंने प्रधानाचार्य नीलम वार्ष्णेय के कार्यों की सराहना करते हुए विद्यालय के समस्त स्टाफ से पूरी लगन और जिम्मेदारी के साथ काम करने की अपील की।

खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि अच्छे अध्यापक ही बच्चों का भविष्य तय करते हैं और यही बच्चे आगे चलकर देश का भविष्य बनते हैं। इसलिए शिक्षकों को बच्चों की शिक्षा के साथ उनकी सुरक्षा और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get free tips and resources right in your inbox, along with 10,000+ others

Latest Post

औरछी/फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव औरछी में शराब के ठेके को हटवाने की मांग को लेकर महिलाओं का आक्रोश दूसरे दिन भी जारी रहा। रविवार को दर्जनों महिलाओं ने फिर से शराब के ठेके पर पहुंचकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया और ठेका बंद करा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारी महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन महिलाएं अपनी मांग पर अड़ी रहीं। वे ठेके के सामने बैठकर प्रदर्शन करती रहीं और गांव के चौराहे से शराब का ठेका हटवाने की मांग करती रहीं।