बदायूं। मालवीय आवास गृह पर भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के जिलाध्यक्ष सतीश साहू के नेतृत्व में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना 11वें दिन भी जारी रहा। संगठन की ओर से भूमि विवाद और नई सराय क्षेत्र में नाले व रास्ते से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग की जा रही है।
धरने पर बैठीं प्रेमवती और भगवान दास ने ग्राम जैनुईया में जमीन के बैनामे से जुड़े विवाद का निष्पक्ष निस्तारण कराने की मांग की। वहीं, नई सराय स्थित बीएसएनएल कार्यालय के पास नाले और आम रास्ते को लेकर स्थानीय नागरिकों ने अपनी समस्याएं उठाईं। उनका कहना है कि नाले की निकासी प्रभावित होने से मोहल्ले में जलभराव की आशंका है और लोगों को आवागमन में परेशानी हो सकती है।
जिलाध्यक्ष सतीश साहू ने प्रशासन से दोनों मामलों की जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई करने और समस्याओं का जल्द समाधान कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में संगठन आंदोलन आगे बढ़ाने पर विचार करेगा।
धरने में शरीफ अब्बासी, कल्लू, कृष्ण अवतार शाक्य, प्रेमवती, भगवान दास, बियुसु दास, अजीम मिस्त्री, नूरुद्दीन, जुबेर अब्बासी, इसरार खां और इरशाद खां सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
















