बदायूं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से रविवार को ब्लॉक वजीरगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर के अंतर्गत ग्राम बगरैन और नौली हरनाथपुर में मुख्यमंत्री जनआरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विपिन वर्मा के निर्देशन में आयोजित इन मेलों में चिकित्सकों ने कुल 63 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाएं वितरित कीं।
ग्राम बगरैन में आयोजित मेले में 31 मरीजों का परीक्षण किया गया। इनमें 10 मरीज बुखार से पीड़ित मिले, जबकि अन्य मरीज विभिन्न बीमारियों से ग्रसित थे। चिकित्सकों ने जांच के बाद सभी मरीजों को आवश्यक उपचार और दवाएं दीं। इसी क्रम में ग्राम नौली हरनाथपुर में 32 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। यहां भी सभी मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श के साथ दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
स्वास्थ्य मेले में डॉ. अशरफ, डॉ. संजय यादव, लैब टेक्नीशियन नितिन, वार्ड बॉय सुबोध और दीपक सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।
















