ककोड़ा मेले में बिजली, सफाई और सुरक्षा पर रहेगा विशेष जोर

17 नवंबर को झंडी पूजन, 23 को उद्घाटन और 24 नवंबर को होगा मुख्य स्नान

बदायूं। रुहेलखंड के मिनी कुंभ के नाम से प्रसिद्ध मेला ककोड़ा की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले में विद्युत आपूर्ति, सफाई, शौचालय और पेयजल व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

मेला 17 नवंबर से एक दिसंबर तक आयोजित होगा। 17 नवंबर को ककोड़ा देवी मंदिर से झंडी मेला स्थल पहुंचेगी और झंडी पूजन होगा। 23 नवंबर को मेले का उद्घाटन किया जाएगा, जबकि 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर मुख्य स्नान होगा।

सीडीओ ने लोक निर्माण विभाग को मेला स्थल तक जाने वाले मार्गों की मरम्मत और गड्ढे भरने के निर्देश दिए। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और अस्थायी कोतवाली में कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। घुड़सवार पुलिस, पीएसी, तैराकी पुलिस, मोटरबोट, वॉच टावर और अग्निशमन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।

525 हैंडपंपों से मिलेगा पानी

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 525 अस्थायी हैंडपंप लगाने के साथ पेयजल टैंकरों की व्यवस्था की जाएगी। मेले में मोबाइल टॉयलेट और अस्थायी शौचालय बनाए जाएंगे। इनकी नियमित निगरानी कर साफ-सफाई सुनिश्चित की जाएगी। प्लास्टिक के डिस्पोजल गिलास, दोना-पत्तल और पॉलीथिन के इस्तेमाल पर प्रतिबंध रहेगा। धूल से राहत दिलाने के लिए पानी का छिड़काव कराया जाएगा।

अस्थायी अस्पताल और एंबुलेंस रहेंगी तैनात

मेले में अस्थायी चिकित्सालय स्थापित कर पर्याप्त चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, दवाएं और चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। एंबुलेंस और बाइक एंबुलेंस भी तैनात रहेंगी। प्रकाश व्यवस्था के लिए जनरेटर, एलईडी बल्ब, फोकस लाइट और हाईमास्ट लगाए जाएंगे। श्रद्धालुओं के लिए दूध-दही की बिक्री के स्टॉल भी लगाए जाएंगे।

रोडवेज एआरएम की अनुपस्थिति पर जताई नाराजगी

बैठक में रोडवेज के एआरएम के स्वयं उपस्थित न होने और प्रतिनिधि भेजने पर सीडीओ ने नाराजगी जताई। उन्होंने उनकी लोकेशन प्राप्त कर स्थिति से अवगत कराने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए रोडवेज के साथ निजी बसों की व्यवस्था की जाएगी। पशुओं के उपचार के लिए अस्थायी पशु चिकित्सालय और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए खाद्य निरीक्षक तैनात किए जाएंगे।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ होंगी खेल प्रतियोगिताएं

मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोककला, जादू और कठपुतली के आयोजन होंगे। सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए विकास प्रदर्शनी और एलईडी वैन लगाई जाएगी। अस्थायी स्टेडियम में कबड्डी, कुश्ती, वॉलीबॉल और दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। संचार व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए विभिन्न मोबाइल कंपनियों के अस्थायी टावर भी लगाए जाएंगे।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन मानवेन्द्र सिंह, एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get free tips and resources right in your inbox, along with 10,000+ others

Latest Post

औरछी/फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव औरछी में शराब के ठेके को हटवाने की मांग को लेकर महिलाओं का आक्रोश दूसरे दिन भी जारी रहा। रविवार को दर्जनों महिलाओं ने फिर से शराब के ठेके पर पहुंचकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया और ठेका बंद करा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारी महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन महिलाएं अपनी मांग पर अड़ी रहीं। वे ठेके के सामने बैठकर प्रदर्शन करती रहीं और गांव के चौराहे से शराब का ठेका हटवाने की मांग करती रहीं।