कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं, ईपीएफओ की नई योजनाओं और श्रम संहिताओं की दी जानकारी
बदायूं। मीरा चौकी स्थित श्रीराम सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में मंगलवार को कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ), क्षेत्रीय कार्यालय बरेली की ओर से ‘निधि आपके निकट 2.0’ जिला संपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कर्मचारियों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के साथ ईपीएफओ की नई योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी दी गई।
ईपीएफओ के अनुभाग पर्यवेक्षक अनिल कुमार ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य नियोक्ताओं और कर्मचारियों को भविष्य निधि से जुड़े प्रावधानों, नई योजनाओं, लाभों और बदलावों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने ईपीएफओ की डिजिटल परिवर्तन यात्रा और चार श्रम संहिताओं के लागू होने से संबंधित जानकारी भी विस्तार से दी।
सामाजिक सुरक्षा सहायक अभय राठौर ने बताया कि ईपीएफओ के क्षेत्रीय कार्यालय बरेली की ओर से प्रत्येक माह की 27 तारीख को सभी जिलों में ‘निधि आपके निकट’ कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इसके माध्यम से नियोक्ता और कर्मचारी अपनी समस्याओं का समाधान करा सकते हैं तथा भविष्य निधि से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य कमलेश कुमार ने आगंतुक अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर राजकुमार सिंह सेंगर, हिमांशु उपाध्याय, शैलेंद्र सिंह, प्रवेश शर्मा, दीक्षा गोस्वामी, श्रुति वैश्य सहित विद्यालय के समस्त आचार्य और कर्मचारी मौजूद रहे।
















