श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश
बदायूं। प्रसिद्ध मेला ककोड़ा स्थल का जिलाधिकारी अवनीश राय और एसएसपी अंकिता शर्मा ने बुधवार को निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि किसी को परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने घाटों, विभिन्न शिविरों, सीसीटीवी कैमरों, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, प्रकाश, साफ-सफाई, पेयजल और वॉच टावर सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने मेला स्थल के नक्शे का अवलोकन करने के साथ ही पब्लिक एड्रेस सिस्टम की कार्यप्रणाली भी परखी और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मेला ककोड़ा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें और व्यवस्थाएं सुचारू बनाए रखें। श्रद्धालुओं के साथ सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए, जिससे उन्हें मेले में बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
डीएम अवनीश राय ने बताया कि मेला स्थल का कई बार निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई है। शासन की मंशा के अनुरूप मेले का आयोजन कराया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ ही उनकी सुविधा के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
















