संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत ग्रामीणों को दी गईं दवाएं, जिला स्तरीय टीम ने किया निरीक्षण
बदायूं।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर के नेतृत्व में लगाए गए शिविर में 60 ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इनमें 43 मरीज बुखार से पीड़ित मिले।
विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत दिसौलीगंज गांव में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। स्वास्थ्य टीम ने बुखार के मरीजों को दवाएं दीं, जबकि अन्य मरीजों को भी उनकी बीमारी के अनुसार उपचार और परामर्श उपलब्ध कराया गया।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ विपिन वर्मा के निर्देशन में आयोजित शिविर में डॉ संजय यादव, लैब टेक्नीशियन नितिन, जेवा सहित स्वास्थ्यकर्मियों ने मरीजों की जांचकर उन्हें आवश्यक दवाएं दीं।
डिप्टी सीएमओ डॉ सनोज मिश्रा और जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ मोहम्मद तहसीन ने टीम के साथ शिविर का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को दिए जा रहे उपचार की जानकारी ली। साथ ही स्वास्थ्यकर्मियों को अभियान के तहत सतर्कता बरतने और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग की तरफ से एक अक्टूबर से चलाए जा रहे विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत लोगों को मच्छरजनित बीमारियों से बचाव, साफ-सफाई रखने और घरों के आसपास पानी जमा न होने देने के प्रति जागरूक किया जा रहा है। विभाग का जोर बुखार सहित अन्य लक्षणों वाले मरीजों की समय पर जांच और उपचार सुनिश्चित करने पर है।
















