बिसौली। डी पॉल स्कूल में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को समर्पित एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व विद्यालय के प्रबंधक फादर डॉक्टर मार्टिन बीसी एवं प्रधानाचार्या सिस्टर लिंसी थॉमस के कुशल मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर कक्षा 10 के छात्र संकल्प वार्ष्णेय के प्रभावशाली भाषण, विद्यार्थियों को देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने और एकता की भावना बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम को और अधिक ज्ञानवर्धक एवं रोचक बनाने के लिए विद्यालय के चारों हाउस रेड हाउस, येलो हाउस, ब्लू हाउस, ग्रीन हाउस के मध्य प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी सामान्य ज्ञान, ऐतिहासिक जानकारी और त्वरित उत्तर देने की क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच ग्रीन हाउस ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया। प्रधानाचार्या सिस्टर लिंसी थॉमस ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन हमें एकता, अनुशासन, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण की सीख देता है। इस आयोजन ने विद्यार्थियों के मन में देशप्रेम, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रीय एकता के मूल्यों को और अधिक सुदृढ़ किया।
















