यातायात माह शुरू, बाइक रैली निकालकर किया सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक

एसएसपी अंकिता शर्मा और सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना

बदायूं। जिले में यातायात माह नवंबर का सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइन में शुभारंभ हुआ। इस दौरान यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा और सदर विधायक एवं पूर्व राज्य मंत्री महेश चंद्र गुप्ता ने यातायात जागरूकता बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
एसएसपी अंकिता शर्मा ने कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन करके सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है। उन्होंने वाहन चालकों और विद्यार्थियों से नियमों का पालन करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं और नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें और अपनी निर्धारित लेन में ही चलें। इसके साथ ही स्टंट बाइकिंग, प्रेशर हॉर्न और मॉडिफाइड साइलेंसर के प्रयोग से बचने की अपील की गई। पैदल यात्रियों को सड़क पार करते समय जेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करने तथा चौराहों पर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई।

इसके बाद सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता और एसएसपी अंकिता शर्मा ने बाइक रैली को रवाना किया। रैली रिजर्व पुलिस लाइन्स से शुरू होकर पुलिस लाइन चौराहा, इंदिरा चौक, लावेला चौक और जेल तिराहा होते हुए वापस पुलिस लाइन पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के पालन और सुरक्षित वाहन संचालन का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण हृदेश कठेरिया, एसडीएम सदर साई आश्रित शाखमुरी, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं सीओ सिटी सुमेध मिलिंद जाधव, एआरटीओ हरिओम गौतम, यातायात प्रभारी मनोज कुमार वर्मा सहित यातायात पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। इसके अलावा ऑटो और ई-रिक्शा चालक, पुलिस मॉडर्न स्कूल के विद्यार्थी, राजकीय इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स, आमजन और मीडिया प्रतिनिधि शामिल हुए।
पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का स्वयं पालन करने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की। पुलिस का संदेश है कि सावधानी और नियमों का पालन करके अनमोल जीवन को सुरक्षित रखा जा सकता है।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get free tips and resources right in your inbox, along with 10,000+ others

Latest Post

औरछी/फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव औरछी में शराब के ठेके को हटवाने की मांग को लेकर महिलाओं का आक्रोश दूसरे दिन भी जारी रहा। रविवार को दर्जनों महिलाओं ने फिर से शराब के ठेके पर पहुंचकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया और ठेका बंद करा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारी महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन महिलाएं अपनी मांग पर अड़ी रहीं। वे ठेके के सामने बैठकर प्रदर्शन करती रहीं और गांव के चौराहे से शराब का ठेका हटवाने की मांग करती रहीं।