ओरछी:कहते हैं जब भक्ति और विश्वास गहरा हो, तो मौसम की मार भी बेअसर हो जाती है। ऐसा ही एक नजारा बदायूं के ओरछी चौराहे स्थित क्षेत्र में देखने को मिला, जहाँ कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बीच एक भक्त 86 किलोमीटर की कठिन ‘दंडवत यात्रा’ कर रहा है।
14 दिन पहले शुरू हुआ सफर
मुरादाबाद के जयंतीपुर निवासी रिंकू कठेरिया अपने परिवार के साथ मनोना धाम (आंवला, बरेली) के दर्शन के लिए निकले हैं। बृहस्पतिवार की सुबह जब वे थाना फैजगंज बेहटा के ओरछी चौराहे पर पहुंचे, तो लोग उनकी आस्था देखकर नतमस्तक हो गए। रिंकू पिछले 14 दिनों से सड़क पर दंडवत करते हुए आगे बढ़ रहे हैं।
इस यात्रा में रिंकू का परिवार साये की तरह उनके साथ है। उनके भाई अजय कठेरिया बाइक पर बिस्तर, खाने-पीने का सामान और फ्लेक्सी लेकर साथ चल रहे हैं। बाइक पर बजते भजनों ने माहौल को भक्तिमय बना रखा है। सबसे खास बात यह है कि रिंकू की पत्नी और उनके भाई की पत्नी भी पैदल साथ चलते हुए उन्हें संबल दे रही हैं और सुरक्षा का ध्यान रख रही हैं।
भाई ने कहा- मनोना धाम पर अटूट विश्वास
रिंकू के भाई अजय कठेरिया ने बताया कि उनका परिवार 14 दिन पहले मुरादाबाद से निकला था। इतनी ठंड और कोहरे के बावजूद भाभी और पत्नी के सहयोग से यह कठिन यात्रा संभव हो पा रही है। सभी का लक्ष्य मनोना धाम पहुंचकर माथा टेकना है।





