बिसौली। विद्युत वितरण खंड कार्यालय पर ओटीएस योजना की समीक्षा बैठक में अधिशासी अभियंता नरेंद्र चौधरी ने कम राजस्व वसूली पर अपनी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि ओटीएस योजना के दूसरे चरण को हर हाल में सफल बनाना है। एसडीओ अपने क्षेत्र में स्वयं फील्ड में निकलकर योजना को मॉनिटर करें, जेई स्वयं बड़े बकायादारों से संपर्क कर योजना में शामिल होने का अनुरोध करें, फिर भी लाभ न लेने पर विद्युत आपूर्ति काट दें। अधिशासी अभियंता नरेंद्र चौधरी ने बताया कि विद्युत बिल राहत योजना 2025 – 26 के तहत कुल 60775 बकायेदार उपभोक्ता हैं। इनमें से अभी तक 14768 बकायादार उपभोक्ताओं ने सौ फीसदी तक छूट का लाभ लिया। उन्होंने कहा कि पहले चरण में चूके उपभोक्ता दूसरे चरण में पंजीकरण कराकर योजना का लाभ ले सकते हैं। अधिशासी अभियंता ने कहा सरकार की एक मुश्त समाधान योजना के तहत पंजीकरण कराकर बकायेदार उपभोक्ताओं को लाभ लेना चाहिए। योजना समाप्ति के बाद बकायादारों पर सख्त कार्रवाई होगी। नेवरपेड और लंबे समय से बिल न जमा करने वालों के लिए यह सुनहरा अवसर है। इस दौरान एसडीओ अमित कुमार, एसडीओ सौरभ सैनी, जेई मो. मियां कुरैशी, जेई दिनेश कुमार आदि उपस्थित रहे।





