बदायूं (संवाददाता)। जनपद की तहसील बिसौली के अंतर्गत आने वाले ग्राम भानपुर के लोग पिछले 5 वर्षों से गंदगी में जीवनयापन करने को मजबूर हैं।ग्रामवासियों का कहना है कि नाला बंद होने के कारण गांव के खड़ंजे का पानी नहीं निकल पाता। इस कारण घरों में गंदा पानी घुस जाता है और खड़ंजे पर गंदगी जमा हो जाती है। गांव के लोग गंदगी में रहने को मजबूर और लाचार दिखाई दे रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इसकी शिकायत वर्तमान प्रधान से कई बार की गई है।
लेकिन भानपुर के वर्तमान प्रधान बजट न होने का बहाना बना देते हैं। ग्राम प्रधान ने बजट न होने का बहाना बनाते-बनाते पूरा 1 साल काट दिया।
ग्रामवासियों ने बताया कि वर्तमान प्रधान द्वारा लगभग आठ माह पहले सड़क का निर्माण कराया गया था। घटिया सामग्री होने के कारण सड़क चंद दिनों में ही गड्ढों में तब्दील हो गई। ग्रामीण चीखते-चिल्लाते रहे लेकिन मौके पर कोई नहीं पहुंचा।
ग्रामीणों की मानें तो जिस दिन सड़क का निर्माण हो रहा था, उस दिन मौके पर न तो ग्राम प्रधान और न ही ग्राम विकास अधिकारी ने जाकर देखा। लीपापोती करके सड़क को दर्शाया गया और पैसा निकालकर अपनी जेब गर्म कर ली गई।
घटिया सामग्री से बनाई गई सड़क को ब्लॉक के जेई ने कैसे पास कर दिया? पूरा सिस्टम ही मिला-जुला होने के कारण सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर दिखाई दे रहा है।
कुछ दिन पहले ग्रामवासियों द्वारा एक वीडियो एक पत्रकार के माध्यम से सोशल मीडिया पर अपलोड की गई थी, लेकिन इसका भी असर प्रधान एवं ग्राम सचिव पर नहीं पड़ा। आज भी स्थिति वैसी ही बनी हुई है।
ग्रामवासियों का कहना है कि यदि सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो वे इसकी शिकायत जिलाधिकारी से करेंगे।






