दिल्ली मजदूरी करने जा रहे युवक की ट्रेन से गिरकर मौत, ट्रैक किनारे मिला शव

बिसौली:- बरेली-दिल्ली रेलमार्ग पर शनिवार सुबह फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक किनारे एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद मृतक की पहचान बरेली जिले के आंवला थाना क्षेत्र के गांव करखा मनौना निवासी 32 वर्षीय नाजिम पुत्र यूसुफ के रूप में हुई। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में युवक की मौत चलती ट्रेन से गिरने के कारण होने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार नाजिम दिल्ली में रहकर मजदूरी करता था। परिजनों ने बताया कि वह शुक्रवार देर रात घर से दिल्ली जाने के लिए निकला था। आंवला रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सवार होने के बाद वह दिल्ली के लिए रवाना हुआ, लेकिन शनिवार सुबह करीब सात बजे फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के दोहरनपुर गांव के पास रेलवे ट्रैक किनारे उसका शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। शुरुआत में शव की पहचान नहीं हो सकी, जिसके बाद पुलिस ने पहचान कराने के प्रयास तेज किए। काफी देर बाद परिजनों का पता चला और उन्हें मौके पर बुलाया गया। परिजनों ने शव की पहचान नाजिम के रूप में की। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला सफर के दौरान चलती ट्रेन से गिरने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, युवक किन परिस्थितियों में ट्रेन से गिरा, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
रेलवे ट्रैक पर हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get free tips and resources right in your inbox, along with 10,000+ others

Latest Post