फैजगंज बेहटा। एमएफ हाईवे पर मुंडिया सराय के निकट रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फैजगंज के वार्ड नंबर-6 निवासी कुलदीप पुत्र ओमकार तथा वार्ड नंबर-4 निवासी संजीव सागर पुत्र सियाराम गैस सिलेंडर लेने के लिए बाइक से मुंडिया सराय की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बिसौली की तरफ से आ रही तेज रफ्तार पिकअप (UP 20 CR 7242) ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि कुलदीप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल संजीव सागर को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। एम्बुलेंस समय पर न पहुँचने पर थाना प्रभारी सुभाष कुमार ने मानवता का परिचय देते हुए घायल को अपनी सरकारी गाड़ी से बिसौली अस्पताल भिजवाया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उसकी भी मौत हो गई।
हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
थाना प्रभारी फैजगंज बेहटा सुभाष कुमार ने बताया कि टक्कर अत्यंत तेज थी। एक युवक की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी, जबकि दूसरे घायल को तत्काल उपचार के लिए बिसौली भेजा गया, लेकिन अस्पताल पहुँचने के बाद उसने भी दम तोड़ दिया। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
“प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सूचना दिए जाने के बावजूद एम्बुलेंस घटनास्थल पर नहीं पहुंची। घायलों को पुलिस की सरकारी गाड़ी से अस्पताल ले जाया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर एम्बुलेंस पहुंच जाती, तो शायद दोनों युवकों की जान बचाई जा सकती थी।”
एक ही हादसे में दो युवकों की मौत से फैजगंज एवं आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस सेवा में हुई देरी पर नाराजगी जताई और थाना प्रभारी सुभाष कुमार की तत्परता व मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की।





