बदायूं। सहसवान तहसील क्षेत्र के ग्राम भवानीपुर खल्ली में एक बेजुबान बंदर के साथ अमानवीय व्यवहार और क्रूरता का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। यहां एक घर के भीतर बंदर को बंधक बनाकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा गया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। सूचना पर पहुंची ‘पीपल फॉर एनिमल्स’ की टीम ने पुलिस की मदद से घायल बंदर को मुक्त कराया। संस्था की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
पीएफए अध्यक्ष वीकेंद्र शर्मा को घटना की जानकारी मिली थी। इसके बाद संस्था के सदस्य गौरव कुमार और नीरज मौर्य तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस बल की मौजूदगी में जब घर की तलाशी ली गई, तो बंदर गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल के पास एक सीसीटीवी कैमरा लगा मिला। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर साफ हुआ कि घर की कुछ महिलाएं और बच्चे मिलकर बंदर पर बेरहमी से डंडे बरसा रहे हैं। संस्था ने यह वीडियो साक्ष्य पुलिस को सौंप दिया है।
आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
सदस्य गौरव कुमार ने बताया कि यह अमानवीय कृत्य पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 325 के तहत एक संज्ञेय अपराध है। संस्था ने नामजद आरोपी मुन्नी अली के परिजनों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। थाना पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और घायल बंदर का डॉक्टरों की देखरेख में इलाज कराया जा रहा है।




