बदायूं से लखनऊ के लिए सीधी रेल सेवा शुरू, केंद्रीय राज्यमंत्री दिखाएंगे हरी झंडी

बदायूं। दिल्ली के बाद अब जनपद सीधे देश और प्रदेश की राजधानियों से जुड़ गया है। केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा रविवार को उझानी रेलवे स्टेशन से लखनऊ के लिए नई सीधी ट्रेन सेवा का भव्य शुभारंभ करेंगे। इस नई सौगात से स्थानीय यात्रियों, व्यापारियों और छात्र-छात्राओं में भारी उत्साह है। उझानी क्षेत्र के निवासियों की वर्षों पुरानी मांग आखिरकार पूरी होने जा रही है।

केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा दिखाएंगे हरी झंडी

केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने एक प्रेस वार्ता में बताया कि रविवार दोपहर 12:00 बजे उझानी रेलवे स्टेशन से उद्घाटन विशेष ट्रेन संख्या 05018 को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। उद्घाटन के बाद इस रूट पर ट्रेन संख्या 15312/15311 कासगंज-ऐशबाग-कासगंज इंटरसिटी एक्सप्रेस का नियमित संचालन शुरू हो जाएगा।

ट्रेन की यह रहेगी समय-सारणी

ट्रेन का उद्घाटन उझानी से दोपहर 12:00 बजे प्रस्थान कर दोपहर 12:15 बजे बदायूं पहुंचेगी। दो मिनट के ठहराव के बाद 12:17 बजे बदायूं से आगे के लिए रवाना होगी। यह ट्रेन बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत, पूरनपुर, मैलानी, गोला गोकर्णनाथ, लखीमपुर, सीतापुर, सिधौली और मोहिबुल्लापुर होते हुए रात 9:10 बजे ऐशबाग लखनऊ स्टेशन पहुंचेगी।

रोजगार और विकास को मिलेगी रफ्तार

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बदायूं को कुछ समय पहले ही दिल्ली के लिए इंटरसिटी एक्सप्रेस मिली थी और अब लखनऊ के लिए भी सीधी ट्रेन कनेक्टिविटी मिल गई है। इससे विद्यार्थियों, व्यापारियों, किसानों और मरीजों को राजधानी तक तेज, सुगम और सुरक्षित सफर की सुविधा मिलेगी। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व में बदायूं के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया, जिससे क्षेत्र में व्यापार, शिक्षा और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।

केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री का किया आभार व्यक्त
इस बड़ी सौगात पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने प्रधानमंत्री, रेल मंत्री और केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा का आभार व्यक्त किया। प्रेस वार्ता के दौरान सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, जिला महामंत्री एमपी सिंह राजपूत और जिला कोषाध्यक्ष अनुभव उपाध्याय सहित कई गणमान्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get free tips and resources right in your inbox, along with 10,000+ others

Latest Post