आसफपुर। आसफपुर रेलवे स्टेशन के पश्चिमी केबिन के पास गुरुवार रात करीब 9 बजे ट्रेन की चपेट में आने से एक 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और युवक की शिनाख्त कराई।
मृतक की पहचान मोहम्मद कैफ पुत्र इसरार, निवासी ग्राम आसफपुर, थाना फैजगंज बेहटा, जनपद बदायूं के रूप में हुई। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना को संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत माना जा रहा है।
पुलिस की सूचना पर रेलवे पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
युवक का शव घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। बाद में गमगीन माहौल में युवक के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
पुलिस द्वारा घटना की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
















