उघैती बदायूं : शनिवार को बदायूं के सहसवान विधानसभा क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध सिद्ध बाबा धाम में नवनिर्वाचित सांसद आदित्य यादव ने पूजा-अर्चना की। उन्होंने मंदिर परिसर में एक घंटा चढ़ाकर क्षेत्रवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
इसके बाद, आदित्य यादव उधैती स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के साथ “पीड़ा (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) पंचायत” की।
सभ को संबोधित करते हुए सांसद आदित्य यादव ने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के विचारों को याद किया और कहा कि शिक्षा सामाजिक उन्नति की नींव है। उन्होंने जोर देकर कहा कि वंचित और पिछड़े वर्गों को अपने अधिकारों, शिक्षा और रोजगार के प्रति सजग होना चाहिए।
सहसवान विधायक बृजेश यादव ने कहा समाजवादी पार्टी की राजनीति को “पीड़ा वर्ग को सत्ता व समाज में निर्णयक भागीदारी दिलाना ही प्राथमिक लक्ष्य है” के रूप में परिभाषित किया।
उन्होंने राज्य सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने बदायूं मेडिकल कॉलेज की लचर स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि गंभीर मरीजों को बड़े शहरों के लिए रेफर किया जा रहा है, जो चिंताजनक है। इसके अलावा, क्षेत्र में बिजली संकट और किसानों को खाद-बीज की किल्लत की समस्याएँ भी बरकरार हैं।
आदित्य यादव ने सपा के पूर्व कार्यकाल की जनहितैषी योजनाओं – जैसे समाजवादी पेंशन, बेरोजगारी भत्ता, डायल-100 और लैपटॉप वितरण – को याद करते हुए कहा कि यदि भविष्य में सपा की सरकार बनती है, तो सामाजिक सुरक्षा और युवाओं के रोजगार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
इस मौके पर सपा जिला अध्यक्ष आशीष यादव, विधायक बृजेश यादव, फरहत अहमद शोबी, नजर प्रधान, लताफत हुसैन, नवाब सिंह, वैभव उपाध्याय, नरोत्तम यादव, आकाश मिश्रा, किशन प्रधान, राजेंद्र उपाध्याय और चंद्रपाल शाक्य सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।

















