बदायूं। जनपद में हुई अत्यधिक बारिश, तेज आंधी और तूफान ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। कई क्षेत्रों में लगातार हुई वर्षा के कारण खेतों में पानी भर गया, जिससे धान एवं बाजरा की फसलें जलमग्न होकर नष्ट अथवा गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई हैं। फसल बर्बाद होने से किसानों के सामने भारी आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
फसल क्षति को लेकर भारतीय किसान यूनियन जिलाध्यक्ष एवं रिटायर्ड सूबेदार कृष्णपाल सिंह राठौर के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों और प्रभावित किसानों ने तहसील सदर पहुंचकर उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने प्रशासन को अवगत कराया कि तहसील सदर सहित जिले के अनेक गांवों में धान और बाजरा की फसलें खेतों में पानी भर जाने से बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।
ज्ञापन में मांग की गई कि प्रभावित क्षेत्रों में राजस्व विभाग की टीमों को तत्काल भेजकर स्थलीय निरीक्षण कराया जाए तथा धान एवं बाजरा की क्षतिग्रस्त फसलों का निष्पक्ष सर्वे कराया जाए। किसानों का कहना है कि वास्तविक नुकसान का ग्रामवार और किसानवार आकलन किया जाए, जिससे प्रत्येक प्रभावित किसान को राहत का लाभ मिल सके।
किसानों ने कहा कि फसल खराब होने से न केवल वर्तमान आय प्रभावित हुई है, बल्कि आगामी फसल की बुआई और कृषि कार्यों पर भी संकट पैदा हो गया है। अधिकांश किसानों ने खेती में भारी लागत लगाई थी, लेकिन प्राकृतिक आपदा के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। ऐसे में किसानों के सामने परिवार के भरण-पोषण तथा कृषि कार्य जारी रखने की चुनौती खड़ी हो गई है।
भारतीय किसान यूनियन अराजनीतिक असली के पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को नियमानुसार शीघ्र आर्थिक सहायता, राहत राशि और उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। साथ ही सर्वे की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाते हुए किसी भी प्रभावित किसान को राहत से वंचित न रखा जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में प्रभावित किसान मौजूद रहे। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सर्वे कराकर राहत और मुआवजा नहीं दिया गया, तो संगठन किसानों के हित में आगे की रणनीति तय करेगा।
















