बदायूं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी की अध्यक्षता में मंगलवार राष्ट्रीय रैबीज नियंत्रण कार्यक्रम के सफल संचालन और इसकी रोकथाम के लिए एक महत्वपूर्ण अंतर्विभागीय समन्वय बैठक का आयोजन किया गया।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ मोहम्मद तहसीन ने कहा रैबीज उन्मूलन को लेकर विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल बिठाने जाएं। कार्यशाला व बैठक का सफल संचालन एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ कौशल गुप्ता द्वारा किया गया।
बैठक के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ विकास शर्मा ने कहा कि रैबीज एक जानलेवा वायरस है लेकिन शत-प्रतिशत इसका बचाव किया जा सकता है। समय पर सही जानकारी और सही इलाज ही इसका एकमात्र समाधान है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ नगर निकाय, पशुपालन विभाग और शिक्षा विभाग जैसे अन्य सहयोगी विभागों को एकजुट होकर काम करने के निर्देश दिए ताकि जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में रैबीज के मामलों को पूरी तरह नियंत्रित किया जा सके।
जिला सर्विलांस अधिकारी ने कार्यक्रम की प्राथमिकताओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आवारा कुत्तों के नियंत्रण, उनके बंध्याकरण और रैबीज रोधी टीकाकरण के लिए पशुपालन व नगर विकास विभाग की भूमिका बेहद अहम है। इसके साथ ही, उन्होंने सामुदायिक स्तर पर लोगों को जागरूक करने और सरकारी अस्पतालों में एंटी-रैबीज वैक्सीन व एंटी-रैबीज सीरम की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की बात कही।कार्यक्रम का संचालन कर रहे एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ कौशल गुप्ता ने रैबीज के तकनीकी पहलुओं, इसके लक्षणों और कुत्ता या अन्य रेबीज संक्रमित जानवर के काटने पर किए जाने वाले तुरंत प्राथमिक उपचार के बारे में जानकारी दी।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ मोहम्मद असलम बताया कि किसी भी जानवर के काटने पर घाव को तुरंत साबुन और बहते पानी से 10 से 15 मिनट तक धोना चाहिए, और बिना किसी अंधविश्वास के सीधे नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाकर डॉक्टर की सलाह से टीका लगवाना चाहिए।
इस बैठक में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारियों समेत पशुपालन विभाग, शिक्षा विभाग और पंचायती राज विभाग के प्रतिनिधि मौजूद रहे, जिन्होंने जिले को रैबीज मुक्त बनाने के लिए आपसी सहयोग का पूरा भरोसा दिया।
















