बिसौली। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के तहत प्राथमिक शिक्षा को मजबूत और परिणामपरक बनाने के लिए एफएलएन (बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान) एवं एनसीईआरटी की नई पाठ्यपुस्तकों पर आधारित शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ। अंतिम दिन खंड शिक्षा अधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने शिक्षकों को प्रशिक्षण की उपयोगिता बताते हुए विद्यालयों में प्रशिक्षण से मिली जानकारी को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए प्रेरित किया।
खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि निपुण भारत मिशन के तहत प्राथमिक कक्षाओं के बच्चों में बुनियादी साक्षरता और संख्याज्ञान विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके लिए शिक्षकों को पारंपरिक शिक्षण पद्धति के साथ-साथ आधुनिक, बाल-केंद्रित और गतिविधि आधारित तरीकों का प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने प्रशिक्षण में शामिल सभी शिक्षकों को आशीर्वचन देते हुए बच्चों की सीखने की क्षमता को ध्यान में रखकर शिक्षण कार्य करने का आह्वान किया।
एआरपी सुमेश कुमार शर्मा ने कहा कि एफएलएन और एनसीईआरटी पाठ्यपुस्तकों पर आधारित प्रशिक्षण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्राथमिक शिक्षा की नींव मजबूत करने का प्रयास है। शिक्षक नई तकनीकों और व्यावहारिक दृष्टिकोण के साथ कक्षा में बच्चों की सीखने की रुचि को बढ़ा सकते हैं। उन्होंने कहा कि मजबूत बुनियादी शिक्षा से ही शिक्षित और सशक्त भारत का निर्माण संभव है।
एआरपी दीपक रस्तोगी ने भाषा के महत्व पर चर्चा करते हुए भाषा शिक्षण को प्रभावी बनाने के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी। सामाजिक विज्ञान विषय पर एआरपी धर्मचंद, देवराज यादव, मनोज बंसल, पूजा, ब्रजेश मथुरिया और विजेंद्र यादव ने शिक्षकों के साथ चर्चा की। एआरपी विकास समेत अन्य शिक्षकों ने भी प्रशिक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाई
















