छात्राओं ने धारण किया मां दुर्गा का स्वरूप, भारतीय संस्कृति और नारी शक्ति का दिया संदेश
बदायूं। मीरा चौकी स्थित श्री राम सरस्वती शिशु विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में नवरात्रि एवं विजयादशमी का पावन पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों को धारण कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। इस दौरान कन्या पूजन के साथ मां दुर्गा और भगवान श्रीराम की आरती उतारकर विधिवत पूजा-अर्चना की गई।
विद्यालय के प्रधानाचार्य कालिका प्रसाद गंगवार ने कन्या पूजन कर छात्राओं का सम्मान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को मां दुर्गा के नौ स्वरूपों, नारी शक्ति तथा भारतीय संस्कृति और परंपराओं के महत्व से परिचित कराया। उन्होंने कहा कि मां दुर्गा के नौ स्वरूप नौ शक्तियों के प्रतीक हैं। उनकी आराधना से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की जाती है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय का वातावरण भक्तिमय हो गया। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति श्रद्धा, सम्मान और भारतीय परंपराओं के संरक्षण की भावना जागृत करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की प्रमुख आचार्याएं रूपाली रस्तोगी और सेजल सक्सेना रहीं। इस अवसर पर रुचि चौहान, शिवांगी वैश्य, प्रीति गुप्ता, ज्योति वाला सक्सेना, पूजा शर्मा, विनीता सिंह, आरती पाठक, द्रोपा पटेल, श्रुति साहू सहित विद्यालय का समस्त आचार्य परिवार उपस्थित रहा।
















