‘सक्सेस स्टोरी’ के विशेष अंक में साहित्यिक योगदान को मिली प्रमुखता, पहले भी पा चुके हैं स्वामी विवेकानंद राष्ट्र गौरव सम्मान
बदायूं। साहित्यकार त्रिवेन्द्र कुमार सिंह को अंतरराष्ट्रीय पत्रिका ‘सक्सेस स्टोरी’ के नवीनतम अंक के मुखपृष्ठ पर स्थान मिला है। मेरठ से प्रकाशित पत्रिका ने उनके साहित्यिक योगदान, प्रमुख कृतियों और लेखन शैली पर विशेष लेख प्रकाशित किया है।
पत्रिका में सिंह की कृतियों भारतीय महिलाएं सुरक्षा एवं रोजगार, प्रभावशाली महिलाएं, भारतीय महिलाओं में राजनीतिक जागरूकता एवं सामाजिक विकास तथा भारतीय महिलाएं शिक्षा एवं स्वास्थ्य का उल्लेख किया गया है। इन रचनाओं में महिला सुरक्षा, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक-राजनीतिक जागरूकता जैसे विषय प्रमुखता से उठाए गए हैं। पत्रिका ने उन्हें समकालीन साहित्य की प्रभावशाली आवाज के रूप में प्रस्तुत किया है।
इस उपलब्धि पर त्रिवेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान मिलना उनके लिए सुखद अनुभव है। इससे उनकी लेखकीय जिम्मेदारी और बढ़ी है। उन्होंने पाठकों और शुभचिंतकों के प्रति आभार जताया।
सिंह लंबे समय से साहित्य सृजन में सक्रिय हैं। इससे पहले उन्हें स्वामी विवेकानंद राष्ट्र गौरव सम्मान से भी नवाजा जा चुका है। अंतरराष्ट्रीय पत्रिका के मुखपृष्ठ पर स्थान मिलना उनकी साहित्यिक यात्रा की एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।
















