केडीएच स्कूल के सामने मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर हादसा; अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया, चालक मौके से फरार
बिसौली। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में शनिवार रात दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार अरविंद मिश्रा (35) की मौत हो गई। मुड़िया धुरकी स्थित केडीएच स्कूल के सामने आलू से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एंबुलेंस से सीएचसी बिसौली ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
घर लौटते समय हुआ हादसा
दांवरी गांव निवासी अरविंद मिश्रा पुत्र वीरेश मिश्रा शनिवार रात करीब 8:30 बजे बाइक से घर लौट रहे थे। वह मुड़िया से मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर पहुंचे थे। इसी दौरान केडीएच स्कूल के सामने आलू से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसौली पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मटर प्लांट में नौकरी कर पाल रहे थे परिवार
अरविंद मटर प्लांट में नौकरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। परिवार में पत्नी दीक्षा, 10 वर्षीय बेटी काव्या और 6 वर्षीय बेटा कुंज हैं। अरविंद की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी और दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जिस पिता के सहारे दोनों बच्चे अपना भविष्य संवारने का सपना देख रहे थे, अब वे उनके बिना रह गए हैं। परिवार के कमाऊ सदस्य की अचानक मौत से पत्नी दीक्षा के सामने बच्चों की परवरिश और भविष्य की चिंता खड़ी हो गई है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
चालक की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
















