देशभर से पहुंचे हजारों अकीदतमंद जायरीन, खानकाह की ओर से किए गए विशेष इंतजाम
बदायूं। शहर के चक्कर की सड़क स्थित विश्वविख्यात दरगाह-ए-आलिया कादरिया में हजरत हुजूर शाह ऐनुल हक मौलाना अब्दुल मजीद कादरी बदायूंनी रहमतुल्लाह अलैह का तीन दिवसीय 185वां सालाना उर्से कादरी बुधवार को तबर्रुकात शरीफ के जुलूस और नातो-मनकबत की महफिल के साथ शुरू हुआ। उर्स में शामिल होने के लिए देशभर से हजारों की संख्या में अकीदतमंद जायरीन पहुंचे।
सुबह खानकाह-ए-कादरिया से तबर्रुकात शरीफ का जुलूस अदब और एहतराम के साथ दरगाह-ए-कादरिया पहुंचा। इसके बाद उर्स की रस्मों का आगाज हुआ। आयोजन खानकाह-ए-आलिया कादरिया के सज्जादानशीन काजी-ए-जिला हजरत अब्दुल गनी मोहम्मद अतीफ मियां कादरी की सरपरस्ती और हजरत मौलाना फजले रसूल मोहम्मद अज्जाम मियां कादरी की निगरानी में हो रहा है। उर्स के नाजिम हाफिज अब्दुल कय्यूम कादरी भी मौजूद रहे।
पहले दिन फज्र की नमाज के बाद कुरानख्वानी, महफिल-ए-नातो-मनकबत और तकरीर का आयोजन किया गया। शाम को मगरिब की नमाज के बाद हल्का-ए-जिक्र की महफिल आयोजित की जाएगी।
उर्स में आने वाले जायरीन की सुविधा के लिए खानकाह की ओर से खाने-पीने, ठहरने और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। इंतजामिया की ओर से कैंप कार्यालय भी स्थापित किया गया है, जहां दूरदराज से आने वाले जायरीन को सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उर्स के मद्देनजर तबर्रुकात शरीफ की दुकानें भी सज गई हैं। तीन दिवसीय उर्स के दौरान दरगाह परिसर में इबादत, जिक्र और धार्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला जारी रहेगा।
















