भगवान दास की खास रिपोर्ट
बदायूं। दातागंज सीएचसी क्षेत्र के गांव बक्सेना बाजार में बिना पंजीकरण के अस्पताल और प्रसव केंद्र चलाने वाली आरोपी महिला संचालक सीमा के हौसले इतने बुलंद हैं कि पूर्व में मुकदमे दर्ज होने के बाद भी उसका यह अवैध कारोबार धड़ल्ले से जारी है। शिकायतकर्ता रंजीत शर्मा ने जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्साधिकारी को भेजे शिकायती पत्र में इस बात का विशेष उल्लेख किया है कि आरोपी महिला पहले भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ चुकी है, लेकिन प्रशासनिक ढिलाई के कारण वह दोबारा बेखौफ होकर प्रसूताओं और नाबालिग लड़कियों की जान जोखिम में डाल रही है।अवैध रूप से संचालित इस केंद्र पर अप्रशिक्षित स्टाफ द्वारा नॉर्मल व सिजेरियन डिलीवरी और गर्भपात जैसे अतिसंवेदनशील कार्य किए जा रहे हैं। बिना किसी वैध डॉक्टरी प्रमाण पत्र या मेडिकल एक्ट के मानकों के चल रहे इस केंद्र के खिलाफ अब क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश है।मुकदमों के इतिहास को देखते हुए शिकायतकर्ता ने मांग की है कि इस बार मामले को केवल जांच तक सीमित न रखा जाए, बल्कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कड़े निर्देशों का पालन करते हुए अस्पताल को तुरंत सील किया जाए। साथ ही, बार-बार अपराध दोहराने के कारण महिला संचालक के खिलाफ मेडिकल एक्ट के अलावा सख्त धाराओं में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर उसे तत्काल जेल भेजा जाए।
















