आसफपुर में हुआ ब्लॉक स्तरीय आयोजन, ड्राइंग-पेंटिंग, पोस्टर, भाषण व सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

बिसौली। विकसित भारत-2047 की परिकल्पना को लेकर विद्यार्थियों की रचनात्मकता और प्रतिभा को मंच देने के लिए आसफपुर स्थित निर्वाणी सहाय इंटर कॉलेज गांधी सेवा सदन में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें ब्लॉक क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। ड्राइंग एवं पेंटिंग, पोस्टर, भाषण और सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपने विचार और प्रतिभा प्रस्तुत की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं क्षेत्रीय पूर्व विधायक कुशाग्र सागर ने मां शारदे के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही आने वाले समय में देश की जिम्मेदारी संभालेंगे। शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रहित की भावना विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

चित्रों में उकेरी विकसित भारत की तस्वीर
प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर अपनी कल्पनाओं को चित्रों और पोस्टरों के माध्यम से प्रस्तुत किया। किसी विद्यार्थी ने आधुनिक शिक्षा और तकनीक को भारत के विकास का आधार बताया तो किसी ने स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और बेहतर सुविधाओं से युक्त भारत की तस्वीर कागज पर उकेरी। भाषण प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने देश के विकास और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार रखे।

सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में कक्षा 10 के रजत यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। ड्राइंग प्रतियोगिता में लालता नगेशी लाल उच्च माध्यमिक विद्यालय की कक्षा आठ की छात्रा उज्ज्वली गुप्ता प्रथम रहीं। पोस्टर प्रतियोगिता में कक्षा 12 की छात्रा कु. खुशी ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में कक्षा 12 की छात्रा रिझली सहाय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

जिला स्तर की प्रतियोगिता में करेंगे प्रतिभाग
आयोजकों के अनुसार प्रत्येक विद्यालय से पांच-पांच विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया। ब्लॉक स्तर पर चयनित विद्यार्थियों को अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह नजर आया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रबंधक अनिल कुमार पाठक ने की, जबकि संचालन नरेश पाल सिंह ने किया। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य एवं विद्यालय परिवार ने अतिथियों, शिक्षकों और प्रतिभागी विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी राजेंद्र प्रसाद, राजकीय हाईस्कूल के प्रधानाचार्य सुरेंद्र कुमार, पीयूष पाराशरी, सतुराम राठौर, अविलंब पाठक, रामसरोवर लाल, अनिल कुमार, प्रधान लिपिक सुनील पाठक, भावना शर्मा, मनोज गंगवार, डॉ. अजय प्रसाद, सुनील कुमार, सिताराम समेत शिक्षक-शिक्षिकाएं और अन्य लोग मौजूद रहे।
















