उसावां। थाना उसावां क्षेत्र में गोतरा गांव के पास तेज रफ्तार ईको कार की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।जानकारी के अनुसार, गोतरा गांव के पास तेज रफ्तार ईको कार ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने पर थाना उसावां पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की जानकारी मृतक के परिजनों को दी गई, जिसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और ईको कार चालक की क्या भूमिका रही, इसकी जांच की जा रही है।
















