नवागत तहसीलदार की सख्ती: दलालों और भ्रष्टाचारियों को सख्त चेतावनीतहसील परिसर में दिखे दलाल तो होगी कड़ी कार्रवाई, जनता से सीधे संपर्क की अपील

बिसौली (बदायूं)। नवागत तहसीलदार सुरेंद्र कुमार ने चार्ज संभालते ही सख्त तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि तहसील परिसर में किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार या दलाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई भी दलाल परिसर में दिखाई देता है तो उसके खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
तहसीलदार ने जनता से अपील करते हुए कहा कि अपने कार्य के लिए सीधे उनसे या संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें और किसी को भी रिश्वत न दें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी कर्मचारी समय से कार्यालय पहुंचे, अन्यथा लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
चार्ज संभालने के तुरंत बाद तहसीलदार सुरेंद्र कुमार ने पूरे तहसील परिसर का निरीक्षण किया और साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परिसर में गंदगी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शासन की मंशा के अनुरूप कार्य होना चाहिए।
सूत्रों के अनुसार, तहसीलदार सुरेंद्र कुमार ईमानदार और तेजतर्रार अधिकारी के रूप में जाने जाते हैं, जो जनता के कार्यों का त्वरित निस्तारण करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। वहीं, नवागत उपजिलाधिकारी ने भी पदभार ग्रहण करते ही तहसील का दौरा कर प्रशासनिक व्यवस्था का जायजा लिया।
तहसीलदार और उपजिलाधिकारी के सख्त रुख के चलते भ्रष्ट कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन की यह सख्ती कितनी प्रभावी साबित होती है और भ्रष्टाचार पर कितनी लगाम लग पाती है।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *