अमित वर्मा की खास रिपोर्ट
उसावां। उसावां नगर पंचायत में 4 अगस्त को कटआउट एवं फ्लेक्सी लगाने को लेकर हुए विवाद के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। वार्ड नंबर-11 निवासी अर्जुन कश्यप ने एक वीडियो जारी कर बताया है कि नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रियंका सिंह के प्रतिनिधि धर्मेंद्र सिंह के साथ उनका आपसी समझौता हो गया है। उन्होंने कहा कि अब वह इस मामले में किसी प्रकार की आगे की कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते।
गौरतलब है कि 4 अगस्त को कटआउट एवं फ्लेक्सी लगाने को लेकर हुए विवाद के बाद अर्जुन कश्यप ने उसावां थाने में धर्मेंद्र सिंह के खिलाफ तहरीर देकर होर्डिंग न लगाने देने, गाली-गलौज करने तथा अन्य आरोप लगाए थे। इस मामले को लेकर क्षेत्र में काफी चर्चा रही थी।अब जारी किए गए वीडियो में अर्जुन कश्यप ने कहा, “मेरा नाम अर्जुन कश्यप है। मैं वार्ड नंबर-11, कस्बा उसावां का निवासी हूं। धर्मेंद्र सिंह के खिलाफ जो तहरीर मैंने थाने में दी थी, उस मामले में अब हमारा आपसी समझौता हो गया है। हम आगे कोई कार्रवाई नहीं चाहते। हम कुछ लोगों के बहकावे में आ गए थे, जिसके चलते यह कदम उठाया था।अर्जुन कश्यप के इस बयान के सामने आने के बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है। वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।अब यह देखना होगा कि दोनों पक्षों के बीच हुए आपसी समझौते के बाद पुलिस इस मामले में क्या निर्णय लेती है। यदि मामला समझौते के दायरे में आता है तो आगे की कार्रवाई कानून एवं पुलिस की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार की जाएगी।















