बिसौली। मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने गुरुवार को ग्राम पंचायत लढ़ेरा गौशाला का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि गौवंश को किसी भी तरह की परेशानी न होने पाए और भूसे व चारे का पर्याप्त स्टॉक हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। सीडीओ के अचानक गांव पहुंचने से संबंधित कर्मचारियों और पशुपालन विभाग में हड़कंप मच गया। उन्होंने मौके पर मौजूद केयरटेकर व संबंधित अधिकारियों से पशुओं के स्वास्थ्य और टीकाकरण के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने स्पष्ट किया कि चारे और भूसे की कमी के कारण गौवंश को कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। हरा चारा और पौष्टिक आहार नियमित रूप से पशुओं को मिलना चाहिए। लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर सीधी कार्रवाई की जाएगी। सीडीओ ने उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि गौशाला में नियमित रूप से पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए। यदि कोई पशु बीमार या कमजोर दिखे, तो उसका तत्काल अलग (आइसोलेशन) रखकर इलाज किया जाए। इसके साथ ही गौशाला में रोजाना चूने का छिड़काव और नियमित सफाई बनाए रखने के आदेश भी दिए।
















