बदायूं। अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों और बिना पंजीकरण प्रैक्टिस करने वाले झोलाछापों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। सीएमओ के निर्देश पर उसैहत और कादरचौक क्षेत्र में जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान उसैहत में एक क्लीनिक को वैध अभिलेख प्रस्तुत करने का नोटिस दिया गया, जबकि कादरचौक में बिना अनुमति संचालित गुनगुन अल्ट्रासाउंड सेंटर को सील कर दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसैहत कस्बे में संचालित क्लीनिकों की जांच के दौरान कल्लू क्लीनिक की संचालिका को नोटिस जारी कर दो दिन के अंदर क्लीनिक के वैध पंजीकरण और अन्य जरूरी अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। विभाग की ओर से अब तक संबंधित क्लीनिक को तीन नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद संचालक की ओर से संतोषजनक जवाब और वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए हैं।
विभागीय टीम डॉ पवन जायसी, डॉ श्री मोहन झा, डॉ नवनीत कुमार का कहना है, निर्धारित समय में वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जाने पर क्लीनिक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मामले की रिपोर्ट मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ विकास शर्मा को भेजी गई है।
वहीं, कादरचौक में बिना अनुमति संचालित गुनगुन अल्ट्रासाउंड सेंटर की जांच के दौरान संचालक वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर ही सेंटर को सील कर दिया।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से उसैहत, कादरचौक और आसपास के क्षेत्रों में बिना पंजीकरण चिकित्सा सेवाएं संचालित करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों और जांच केंद्रों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।















