वृंदा कोल्ड स्टोरेज पर किसान संगोष्ठी का आयोजन,
बिसौली। वृंदा कोल्ड स्टोरेज परिसर में किसान बंधु संगोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। संगोष्ठी में क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया और वैज्ञानिक विधि से आलू की भरपूर पैदावार प्राप्त करने की आधुनिक तकनीकों की जानकारी हासिल की।
कार्यक्रम के दौरान कृषि विशेषज्ञों ने आलू की फसल में लगने वाले विभिन्न रोगों, कीट नियंत्रण, समय पर सिंचाई तथा संतुलित खाद प्रबंधन पर विस्तार से प्रकाश डाला। विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी कि परंपरागत खेती के बजाय मिट्टी परीक्षण और संशोधित बीजों का चयन कर किसान कम लागत में बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं। संगोष्ठी की संबोधित करते हुए प्रमोद पांडे ने कहा कि आलू की पैदावार बढ़ाने के लिए केवल अच्छी किस्म का बीज ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि सही समय पर वैज्ञानिक तरीके से खाद और दवाइयों का प्रयोग अत्यंत आवश्यक है। आज बाजार की मांग के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण फसल उगाने के लिए किसान भाइयों को नवीनतम तकनीकों को अपनाना होगा। यदि किसान आधुनिक तकनीकों का सही तरीके से प्रयोग करें, तो वे प्रति एकड़ लागत घटाकर अपनी आय दोगुनी कर सकते हैं। संगोष्ठी के अंत में किसानों ने कृषि विशेषज्ञों से अपनी फसलों से जुड़ी समस्याओं और शंकाओं के बारे में सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने मौके पर ही समाधान प्रस्तुत किया। वृंदा कोल्ड स्टोरेज के स्वामी केशव अग्रवाल ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।
संगोष्ठी में प्रमोद पांडे, संजय जैन, अवनीश त्रिपाठी, विष्णुकांत अग्रवाल, शोभित अग्रवाल, प्रणय अग्रवाल, हर्षित अग्रवाल, मैनेजर जयप्रकाश शर्मा आदि प्रमुखता से मौजूद रहे।















