बदायूं। प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ के चुनाव में जिला सचिव पद पर हुआ मुकाबला किसी सस्पेंस फिल्म से कम नहीं रहा। अंतिम समय तक चली वोटों की खींचतान में सीएचसी समरेर की प्रभारी डॉ रश्मि दीप गंगवार का ‘मिशन सेक्रेटरी’ फेल हो गया। बेहद कड़े और सांसें रोक देने वाले मुकाबले में डॉ मोहित यादव ने उन्हें महज 2 वोटों के मामूली अंतर से सचिव का पद हासिल कर लिया।
आखिरी राउंड तक फंसा रहा पेंच
चुनाव में कुल 75 चिकित्सकों ने वोट डाले थे। इनमें से 1 वोट निरस्त होने के बाद बची हुई 74 पर्चियों पर फैसला होना था। जैसे-जैसे मतपेटियों से वोट निकले, दोनों खेमों के समर्थकों की धड़कनें बढ़ती गईं। डॉ रश्मि दीप गंगवार ने कांटे की टक्कर देते हुए 36 वोट बटोरे, लेकिन डॉ मोहित यादव ने ऐन वक्त पर 38 वोट हासिल कर पासा पलट दिया।
समर्थकों में मायूसी, सिर्फ 2 वोटों का मलाल
सिर्फ 2 वोटों के फेर से कुर्सी से दूर रह गईं डॉ रश्मि दीप गंगवार की इस हार के बाद उनके खेमे में सन्नाटा पसर गया। गलियारों में चर्चा रही कि अगर एक-दो वोट इधर-उधर न हुए होते, तो बाजी पलट सकती थी। चुनाव के बाद जहां डॉ रश्मि को इस करीबी हार का मलाल रहा, वहीं विजेता खेमे ने डॉ मोहित यादव को कंधों पर उठाकर जीत का जोरदार जश्न मनाया।
वरिष्ठ चिकित्सक डॉ राजेश कुमार वर्मा जिला अस्पताल का चुनाव सबसे बेहद आकर्षण रहा लगातार दूसरी बार निर्विरोध प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ, के जिला अध्यक्ष चुने गए। चिकित्सकों ने एक बार फिर उनके नेतृत्व, संगठन के प्रति समर्पण, बेदाग छवि एवं सक्रिय कार्यशैली पर विश्वास व्यक्त करते हुए उन्हें सर्वसम्मति से संगठन की कमान सौंपी। उनके लगातार दूसरी बार अध्यक्ष बनने पर जिलेभर के सरकारी चिकित्सकों में हर्ष का वातावरण रहा तथा उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।
प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ,की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी में जिलाध्यक्ष डॉ राजेश कुमार वर्मा बने, वहीं उपाध्यक्ष डॉ मोहम्मद तहसीन, उपाध्यक्ष डॉ नवनीत कुमार उपाध्यक्ष डॉ श्रद्धा गंगवार चुने गए।
जिला सचिव डॉ मोहित यादव चुने गए। केन्द्रीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ राजवीर गंगवार, वित्त सचिव डॉ शिव मोहन कमल, संपादक डॉ अवधेश राठौर को बनाया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी द्वारा नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ राजेश कुमार वर्मा तथा सचिव डॉ मोहित यादव को प्रमाण-पत्र दिए गए।इस अवसर पर डॉ राजेश कुमार वर्मा ने सभी चिकित्सकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लगातार दूसरी बार संगठन का नेतृत्व करने का अवसर देने के लिए मैं सभी सम्मानित चिकित्सक साथियों का हृदय से आभारी हूं। यह विश्वास मेरे लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। मैं पूरी निष्ठा, पारदर्शिता एवं समर्पण के साथ प्रत्येक चिकित्सक के मान-सम्मान, सुरक्षा और न्यायोचित अधिकारों की रक्षा के लिए कार्य करूंगा। प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।”जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ जीके गुप्ता एवं रिटर्निंग अधिकारी डॉ नरेश पाल ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ राजेश कुमार वर्मा, सचिव डॉ. मोहित यादव तथा समस्त नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने में सहयोग देने वाले सभी चिकित्सकों, जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन का भी आभार व्यक्त किया।















