बदायूं। जिला अस्पताल पुरुष परिसर में शनिवार को दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अस्पताल परिसर स्थित मोर्चरी के पास दो अज्ञात बदमाशों ने जिला अस्पताल मेडिकल ऑफिसर डॉ विकास शर्मा को चाकू दिखाकर मोबाइल और नकदी लूट ली। इस दुस्साहसिक घटना से अस्पताल स्टाफ और मरीजों में दहशत फैल गई है।
बातचीत के बहाने रोका, फिर दिखाया चाकू
डॉक्टर विकास शर्मा के मुताबिक, वे अस्पताल परिसर में मौजूद थे, तभी दो अज्ञात युवक उनके पास आए। युवकों ने पहले उन्हें बातचीत के बहाने बातों में उलझाया। इसी दौरान अचानक एक बदमाश ने चाकू निकाल लिया और जान से मारने की धमकी देकर उनका मोबाइल फोन और जेब में रखी नकदी छीन ली। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
इमरजेंसी भागकर बचाई जान, पुलिस महकमे में हड़कंप
लूट के बाद पीड़ित डॉक्टर ने किसी तरह भागकर अस्पताल के इमरजेंसी परिसर पहुंचकर अपनी जान बचाई और साथी स्टाफ को घटना की जानकारी दी। दिनदहाड़े डॉक्टर से लूट की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अस्पताल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अस्पताल की शोपीस बनी पुलिस चौकी, सुरक्षा राम भरोसे
इस वारदात ने जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। स्थानीय लोगों और स्टाफ का आरोप है कि अस्पताल परिसर में बनी पुलिस चौकी पिछले एक साल से महज शोपीस बनी हुई है। यहां न तो कोई पुलिसकर्मी बैठता है और न ही चौकी प्रभारी मौजूद रहते हैं। चौकी खाली रहने के कारण परिसर में लगातार चोरियां हो रही थीं, और अब बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हो गए कि उन्होंने डॉक्टर को ही निशाना बना डाला।
कोतवाली एसएचओ संजय सिंह ने बताया मामले की जांच कर रहे हैं। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।















