बिसौली। अलीगढ़-बरेली रेल मार्ग पर आसफपुर और चंदौसी के बीच शुक्रवार दोपहर लकड़ी से लदा ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्राला ट्रेन की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक और उसका सहयोगी मौके से फरार हो गए। गनीमत रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे की बताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार ट्रैक्टर-ट्राला में भारी मात्रा में लकड़ी लदी थी। इसी दौरान ट्रेन की चपेट में आने से ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। हादसे के बाद डगरी, डरैला और ढोरनपुर समेत आसपास के गांवों के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। काफी देर तक घटनास्थल पर लोगों की आवाजाही बनी रही।
हादसे के बाद चालक और उसका सहयोगी मौके से चले गए। वहीं, ट्रैक्टर-ट्राला में लदी लकड़ी और उसके ओवरलोड होने को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। हादसा किस वजह से हुआ और ट्रैक्टर-ट्राला कहां से लकड़ी लेकर जा रहा था, इसकी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
















